माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बिजली निगम की ओर से आयोजित उपभोक्ता फोरम की बैठक बुधवार को महज औपचारिकता बनकर रह गई। खुले दरबार के नाम पर लगाए गए इस कार्यक्रम में न तो अधीक्षण अभियंता (एसई) पहुंचे और न ही अधीक्षक मौजूद रहे। ऐसे में अपनी समस्या लेकर पहुंचे उपभोक्ता को निराश लौटना पड़ा।
निर्धारित समय सुबह 11 बजे उपभोक्ता फोरम की बैठक शुरू होनी थी लेकिन समय बीतने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। बैठक स्थल पर मौजूद कर्मचारी उपभोक्ता को आश्वासन देते रहे लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी कोई अधिकारी नहीं आया।
पिछले पांच उपभोक्ता फोरम में एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई थी। इस बार एक उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर पहुंचे लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो सकी। एसई के पीए ने उपभोक्ता का शिकायतपत्र लेकर रख लिया। उन्होंने कहा कि एसई साहब के आने के बाद इस पर कार्रवाई की जाएगी।
-
वर्जन :
मैं बुधवार को अवकाश पर था। ऐसे में एक्सईएन स्तर के अधिकारी को मौजूद होना ही चाहिए था। अवकाश से लौट कर इस मामले में जांच कराऊंगा। - नसीब सिंह, अधीक्षक अभियंता