करनाल। इंद्री थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर में घर में हुई चोरी के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पड़ोसी ने चोरी करने वाले व्यक्ति और चोरी का सामान खरीदने वाले के बारे में जानकारी होने का दावा किया और पीड़ित परिवार से सात हजार रुपये मांगे। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जांच अधिकारी राजाराम ने बताया कि हैबतपुर निवासी मंदीप सिंह के घर में 11 अगस्त को चोरी हुई थी। परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। चोर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गया। मंदीप के अनुसार, 13 अगस्त को उसका पड़ोसी प्रिंस घर आया। उसने पत्नी से कहा कि चोरी किसने की और चोरी का सामान किस व्यक्ति को दिया गया है, इस बारे में उसे पता है। जानकारी देने के बदले उसने सात हजार रुपये मांगे।
परिवार का दावा है कि पत्नी ने बातचीत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में पूरी बात मंदीप को बताई गई। मंदीप ने बताया कि 14 अगस्त को मामले में घर पर पंचायत भी बुलाई गई। इसमें प्रिंस, उसके पिता और गांव के नंबरदार समेत अन्य लोग मौजूद थे। पंचायत में प्रिंस के पिता ने कुछ समय मांगा था लेकिन जानकारी नहीं दी।
जांच अधिकारी राजाराम ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बातचीत की रिकॉर्डिंग की भी जांच की जाएगी।