माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण लेक के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर में शनिवार को छलांग लगाने वाली गांव बागपति निवासी नेहा (17) का शव सोमवार दोपहर को घोघड़ीपुर गांव के पास मिला। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।
फिलहाल परिवार की ओर से अभी किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी गई, सामान्य कार्रवाई ही कराई गई। पुलिस ने लड़की का मोबाइल फोन कब्जे में लिया हुआ है, इसका लॉक खुलवाने के बाद जांच की जाएगी। इसी से ही कुछ सुराग पुलिस को लग सकता है। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद का कहना है कि शनिवार की शाम को नहर में कूदने से पहले नेहा काफी देर तक कर्ण लेक के किनारे बैठकर भी रोती रही थी। वहां मौजूद लोगों ने कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया और अचानक बैग किनारे रखकर नहर में कूद गई। लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण कोई मदद नहीं कर सका।
टपराना निवासी फुफेरे भाई गुलशन ने बताया कि गांव बागपति निवासी नेहा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजाना करनाल में एक सेंटर पर सिलाई सीखने जाती थी। शनिवार सुबह उन्हें नेहा की कॉल आई थी। उसने कहा था कि मुझे कुछ बात करनी है इसके बाद वह उसे घर ले आया। नेहा दिनभर घर ही रही और वह किसी काम से करनाल आ गए थे। शाम को उन्होंने कॉल कर अपने घर छोड़ आने के लिए कहा। वह काम में व्यस्त होने के कारण नहीं पहुंचे तो उनके घर से चार किलोमीटर दूर स्थित गांव बागपति के लिए नेहा खुद ही निकल गई। फिर रात को मामा का कॉल आया कि नेहा नहर में कूद गई। पुलिस की सूचना के बाद सभी मौके पर पहुंचे।