करनाल। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बन रही आउटर बाईपास सड़क के निर्माण कार्य में देरी और लापरवाही सामने आने पर नगर निगम प्रशासन सख्त नजर आया। निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार और कार्यकारी अभियंता ओपी करदम के साथ निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी गति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। बता दें कि इस बाईपास का निर्माण जनवरी में पूरा होना था, अब तक 30 प्रतिशत भी काम पूरा नहीं हुआ। डॉ. वैशाली ने अभियंताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि सेक्टर-9 सामुदायिक केंद्र से शहीद उधम सिंह चौक और नूर महल चौक तक एक साइड का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में नूर महल चौक से साईं बाबा मंदिर तक सड़क का निर्माण जारी है। ब्यूरो