संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। डीएवी पब्लिक स्कूल में रविवार को ओपन टैलेंट शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन करनाल के पूर्व अध्यक्ष आर.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान कई प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
इसके तहत हुई ड्रॉइंग प्रतियोगिता में नवनीत कौर ने, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में याना ने और सोलो डांस प्रतियोगिता में दिलप्रीत कौर ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दीपक मिगलानी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए प्रबंधन समिति तथा अध्यापकवर्ग सदैव तत्पर रहता है। इसमें अलग-अलग विद्यालयों के लगभग 170 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राचार्या ममता पांडे और क्लस्टर हेड वंदना शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।