कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज कैंपस में रह रहे नौ वर्षीय नवितेश ने डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर सीजन-5 में टॉप-50 में जगह बनाई है। उसकी इस उपलब्धि पर परिजन खुश हैं। जी-टीवी पर 12 मार्च को प्रसारित होने वाले एपिसोड में नवितेश का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
परिजनों ने बताया कि अभी और भी राउंड बाकी हैं। नवितेश पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। उसके पिता मुकेश केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं व माता अंजू गृहणी हैं। नवितेश के ताऊ केसीजीएमसी में अधिकारी हैं, वह उनके पास रहता है। ताऊ रामकुमार ने बताया कि उसका भतीजा बचपन से ही होनहार है। टीवी में डांस देखकर वह खुद भी डांस करना सीख गया। हमें जब लगा कि उसकी रुचि डांस की तरफ है तो उसको एकेडमी ज्वाइन करा दी थी।
रामकुमार ने बताया कि नवितेश के डांस का वीडियो हमने सूट करवाकर जी-टीवी डांस इंडिया डांस तथा कलर्स के डांस दीवाने दोनों जगह भेजा था। उसके बाद डीआईडी से कॉल आई कि वह दिल्ली आकर मिलें, वहां पर बच्चे का ऑडिशन है। यहां पर नवितेश ने तीन राउंड पास कर लिए। उसके बाद चयन के लिए मुंबई बुलाया गया। नवितेश को मुंबई भेजा गया। जहां पर उसने स्टूडियो राउंड को भी पार कर लिया। इसके बाद चयनकर्ता रेमो डिसूजा, मोनी रॉय व सोनाली बेंद्रे ने नवितेश को सुपर विंग का पोशाक पहनाया। नवितेश अभी टॉप-50 में शामिल हो चुका है। उन्हें उम्मीद है कि नवितेश आगे भी डीआईडी में बेहतर परफारमेंस कर नाम रोशन करेगा।