करनाल स्थित एनडीआरआई में 26 से 28 नवंबर तक ‘राष्ट्रीय डेरी मेला एवं कृषि एक्सपो’ आयोजित हो रहा है। निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि ‘लोकल टू ग्लोबल’ थीम पर आधारित इस तीन दिवसीय मेले में पशु प्रतियोगिताओं, पनीर निर्माण व तकनीकी सत्रों के जरिए किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
किसानों की मांग पर राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) ने इस साल दूसरी बार राष्ट्रीय डेरी मेला एवं कृषि एक्सपो आयोजित करने जा रहा है। 26 से 28 नवंबर तक संस्थान के मेला मैदान में होने वाला यह आयोजन केवल पशुओं और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों को उत्पादन से आगे बढ़ाकर प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और वैश्विक बाजार से जोड़ने पर केंद्रित होगा। एनडीआरआई में इससे पहले मार्च में भी राष्ट्रीय डेरी मेला आयोजित किया गया था।
विज्ञापन
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि मेले की थीम ‘लोकल टू ग्लोबल’ रखी गई है। इसमें किसान, पशुपालक, महिला उद्यमी, युवा, वैज्ञानिक, कृषि स्टार्टअप, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्वयं सहायता समूह और उद्योग प्रतिनिधि एक मंच पर आएंगे। उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान को किसानों की समृद्धि से जोड़ना और खेत से बाजार तक मजबूत संपर्क स्थापित करना है।
तीन दिन में पशु प्रतियोगिताएं, तकनीकी सत्र और सम्मान
पहले दिन 26 नवंबर को उद्घाटन समारोह, प्रदर्शनी और पशु प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन 27 नवंबर को पशु प्रतियोगिताओं के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए पनीर निर्माण व दूध-दोहन प्रतियोगिता, विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र और महिला उद्यमिता पर चर्चा होगी। तीसरे दिन 28 नवंबर को पशु प्रतियोगिताएं, विशेष तकनीकी सत्र और पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। 28 नवंबर को ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को कृषि, बागवानी, पशुपालन और प्राकृतिक खेती पर वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।