धारचूला में बैठक करते व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका असंध की शुक्रवार को हाउस बैठक हुई। बैठक में महिला पार्षदों के स्थान पर उनके पति मौजूद रहे। खास बात यह रही कि सीपीएस बख्शीश सिंह की उपस्थिति में नपा की कार्यवाही चली। इसके अलावा, नगर पालिका के हाजिरी रजिस्टर में महिला पार्षदों के हस्ताक्षर किए गए हैं, जो सवालों के घेरे में हैं। सवाल यह है कि जब महिला पार्षद बैठक में नहीं पहुंची तो उनके हस्ताक्षर किसने किये? मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का माहौल गर्म है। शुक्रवार को असंध नगरपालिका कार्यालय में सभी पार्षदों की हाउस मीटिंग हुई। इस मीटिंग में हरियाणा सरकार में सीपीएस व असंध के विधायक सरदार बख्शीश सिंह मौजूद थे। इस बैठक में कोई भी महिला पार्षद मौजूद नहीं रहा, उनकी जगह पर उनके पति मीटिंग में मौजूद रहे। वहीं नगरपालिका चेयरमैन दीपक छाबड़ा व उप प्रधान संदेश जिंदल भी मौजूद रहे। बैठक में सभी पार्षदों को पहुंचना था, लेकिन कोई भी महिला पार्षद इस बैठक में मौजूद नहीं थी। असंध में कुल 15 वार्ड हैं, जिनमें से 6 वार्डों से महिला प्रत्याशी पार्षद हैं। असंध के वार्ड 1 से सुमन रानी, वार्ड 7 से सुमन रानी, वार्ड 8 से नीलम, वार्ड 10 से मोनिया शर्मा, वार्ड-12 से संतोष व वार्ड-15 से रुपेंद्र कौर पार्षद हैं, लेकिन इस बैठक में कोई भी महिला पार्षद मौजूद नहीं हुई। उनके जगह उनके पति बैठक में पहुंचे। हालांकि नपा के रजिस्टर में सभी महिला पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। लेकिन मीटिंग में महिला पार्षदों की गैरमौजूदगी इन हस्ताक्षरों पर बड़ा सवाल उठा रही हैं, जो अपने आप में जांच का विषय है। गौरतलब है कि हाउस की बैठक में केवल पार्षद ही हिस्सा ले सकते हैं, खुद सीएम इस मामले को लेकर काफी गंभीर हैं और सभी आदेश दे चुकी हैं कि महिला पदाधिकारियों के स्थान पर पति व परिजन बैठकों में हिस्सा न लें।
सीपीएस की मौजूदगी में मीटिंग में बैठे रहे महिला पार्षदों के पति
भाजपा सरकार जहां महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ने की बात कर रही है, वहीं भाजपा सरकार में ही सीपीएस व असंध के भाजपा विधायक बख्शीश सिंह की मौजूदगी में हुई पार्षदों की बैठक में एक भी महिला पार्षद का न पहुंचना व उनकी जगह बैठक में महिला पार्षदों के पति की मौजूदगी से साफ पता चलता है कि इन नियमों को लेकर भाजपा सरकार के मंत्री व विधायक कितने संजीदा हैं। इस बैठक में सीपीएस महिला पार्षदों के पतियों के साथ फोटो खिचवाते रहे, लेकिन उन्होंने एक बार भी उन्हें बैठक से बाहर भेज कर महिला पार्षदों को बैठक में लाने की बात नही कही।
महिला पार्षद बैठक में मौजूद थी : दीपक छाबड़ा
नगरपालिका के चेयरमैन दीपक छाबड़ा ने बताया कि शुक्रवार को उनकी हाउस मीटिंग हुई थी जिसमें सभी पार्षद मौजूद थे। सभी महिला पार्षदों ने रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर भी किए हुए हैं। सभी महिला पार्षद अपने हस्ताक्षर करके घर चली गई थी, जो फोटो है वह मीटिंग के बाद की है।