नगला रोडान गांव को मिली 4 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
इंद्री। इंद्री विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला रोड़ान में शुक्रवार को विधायक रामकुमार कश्यप ने करीब चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। विधायक ने 330.16 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन सड़कों में गांव संगोहा से जयरामपुर तक, गांव फाजिलपुर से शाहपुर तक और फाजिलपुर से मुरादगढ़ तक तक बनने वाली सड़कें शामिल रही। गांव नगला रोड़ान में 33 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सैनी चौपाल का लोाकर्पण किया। उन्होंने गांव में ही 10-10 लाख रुपये से जनरल चौपाल व बीसी चौपाल के जीर्णोद्धार कार्य और 10 लाख रुपये की राशि से बनने वाली सामुदायिक केंद्र की बाउंड्री वाल के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। मार्केट कमेटी चेयरमैन महिंद्र पंजोखरा, मंडल अध्यक्ष राम मेहर शर्मा, रमन सैनी, सुभाष खेड़ा, सुमित सैनी, ग्राम सरपंच जसविंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद