करनाल। धूम सिंह मेमोरियल महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला निशान पब्लिक स्कूल के मैदान में नागेश क्रिकेट अकादमी और रोहतक की सुगनी देवी क्रिकेट फाउंडेशन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहतक की टीम ने 40 ओवर में 190 रन बनाए। जवाब में नागेश अकादमी की टीम ने 33 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया।
नागेश अकादमी टीम की ओर से डिंपल शेखावत ने 37 गेंदों में नाबाद 57 रन और सिमरनप्रीत ने 54 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में डिंपल ने आठ ओवर में मात्र 32 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए डिंपल शेखावत को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतकर नरवाल अकादमी की टीम पहले पायदान पर है।
इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे है। 10 टीमों में दो दिल्ली, दो चंडीगढ़, दो यूपी, एक पंजाब, एक रोहतक, एक कैथल, एक करनाल की टीम शामिल है। टूर्नामेंट की फाइनल विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ साथ 51 हजार रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी व 31 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 31 मार्च को होना है।
ये टीम पहुंची सेमीफाइनल में
-क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल, करनाल
- स्व. सुगनी देवी क्रिकेट फाउंडेशन, रोहतक
- दिल्ली चैलेंजर्स, दिल्ली
- राजेश पाठक क्रिकेट अकादमी, चंडीगढ़