हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार रहा कम
64.29 प्रतिशत विद्यार्थी पास
1845 की कंपार्टमेंट और 3444 फेल
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार ज्यादा संतोषजनक नहीं रहा। महज 64.29 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। जोकि गत वर्ष से 3.19 प्रतिशत कम है। हालांकि खुशी इस बात से हुई कि प्रदेश के टॉप तीन में शामिल होकर बेटी ज्योति रानी ने करनाल का नाम रोशन किया। वहीं जिले के टॉप-3 स्थानों में से भी दो पर बेटियों का कब्जा है।
भिवानी बोर्ड ने मंगलवार की शाम कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया। इस परीक्षा परिणाम से किसी के चेहरे खिले तो किसी को मायूसी हाथ लगी। बोर्ड की ओर से जारी परिणाम के अनुसार, जिले के 779 राजकीय और 250 से ज्यादा निजी स्कूलों के कुल 114811 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, इनमें से 9522 विद्यार्थी पास हुए हैं। बोर्ड की ओर से 16 मई को परिणाम जारी करने की पहले से ही सूचना थी। ऐसे में स्कूल और विद्यार्थी सुबह से ही परिणाम का इंतजार करने लगे। शाम को बोर्ड की ओर से परिणाम जारी किया गया। इसके बाद वेबसाइट पर परिणाम देखने की होड़ लग गई। सर्वर डाउन होने के कारण कई विद्यार्थी रात तक वेबसाइट पर टकटकी लगाए बैठे रहे।
35.71 के हाथ लगी निराशा
जिले का ओवरआल परिणाम 64.29 प्रतिशत ही रहा है। ऐसे में 35.71 प्रतिशत बच्चों और इनके अभिभावकों को इस असंतोषजनक परिणाम से निराश हाथ लगी है। 1845 की कंपार्टमेंट और 3444 विद्यार्थी फेल हो गए। ऐसे में देर शाम जारी हुए परिणाम से ज्यादातर बच्चों के चेहरे निराश नजर आए। जिन्होंने अच्छा स्कोर किया है, उनके घर और स्कूलों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
36.31 फीसदी रहा ओपन का रिजल्ट
10वीं की परीक्षा में नियमित विद्यार्थियों के अलावा ओपन से भी कई विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। ओपन से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का रिजल्ट महज 36.31 फीसदी ही रहा। कुल 311 विद्यार्थियों ने ओपन से परीक्षा दी थी। इनमें से 114 ही पास हो पाए। जबकि 200 विद्यार्थी फेल हो गए। ऐसे में इन विद्यार्थियों को अब दोबारा परीक्षा देनी होगी। ओपन और नियमित मिलाकर फेल होने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या 3644 है।
निजी स्कूलों का परिणाम 13.16 फीसदी ज्यादा
कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में भी जिले में सरकारी स्कूलों पर निजी स्कूल भारी रहे। राजकीय स्कूलों का परिणाम 59.17 प्रतिशत और निजी स्कूलों का 72.33 फीसदी रहा। राजकीय स्कूलों से कुल 9045 परीक्षार्थियों में से 5352 पास हुए, जबकि 1094 की कंपार्टमेंट और 2599 फेल हुए। वहीं, निजी स्कूलों के 5767 में से 4171 पास हुए, जबकि 751 की कंपार्टमेंट और 845 फेल हुए।
जिले का ओवरआल परिणाम
स्थिति
नियमित
ओपन
कुल
परीक्षार्थी
14811
311
15122
पास
9522
114
9636
कंपार्टमेंट
1845
00
1845
फेल
3444
200
3644
पासिंग प्रतिशत
64.29
36.31
-