संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक युवक को फोन करके घर से बुलाकर हत्या कर दी गई। जिसका शव नदी किनारे पटड़ी पर मिला। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मान कॉलोनी न्यू ज्योति नगर निवासी ईश्वर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 नवंबर को दोपहर तीन-चार बजे साहिल ने उसके बेटे गौरव को फोन करके घर से बाहर गली में बुलाया और अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। उसने लगभग छह बजे शाम को अपने बेटे गौरव को फोन किया तो उसका फोन साहिल ने उठाया और अपना नाम विक्रम बताया। जब उसने उससे गौरव के बारे में पूछा तो उसने कहा कि 15 मिनट में गौरव की तलाश करके वह लेकर आए। लेकिन रात साढ़े आठ बजे साहिल के पिता का उसके पास फोन आया कि गौरव नदी किनारे पटड़ी पर पड़ा हुआ है। उसके बाद वह और साहिल के पिता राजपाल पटड़ी पर पहुंचे। जहां गौरव गिरा हुआ था और साहिल वहीं पर खड़ा था। उसने साहिल से पूछा कि उसके साथ और कौन-कौन थे। तो साहिल ने उसे बताया कि उनके साथ रोहित मंगला व साजन भी थे। उनका आपस में झगड़ा हुआ था और इन्होंने ही उसके बेटे की हत्या की है।
मृतक के पिता ने अपने बेटे का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से करवाने की मांग की है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।