संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की कोठी के पास संदिग्ध हालत में एक युवक का शव मिला। युवक के मुंह से झाग निकल रही थी। पुलिस एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की लेकिन युवक के पास से न तो मोबाइल फोन मिला न कोई दस्तावेज। पुलिस ने शिनाख्त कराई तो शव श्याम नगर निवासी गगन का बताया गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भिजवाया। मौके पर तो शिनाख्त नहीं हुई लेकिन बाद में मृतक की शिनाख्त श्याम नगर निवासी गगन के रूप में हुई है। युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस इस मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जूते की दुकान पर काम करता था
जानकारी के अनुसार आईजी की कोठी के पास मृत मिला गगन कर्ण गेट पर जूते की दुकान पर काम करता था। वह रात करीब नौ बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच जारी है।
फोन और पर्स घर पर छोड़ गया
परिजनों ने बताया कि गगन रात को घर से पांच मिनट में आ रहा हूं, कहकर निकला था। वह अपना फोन व पर्स भी घर पर ही छोड़ गया था। उसने खाना तक नहीं खाया था। परिजन पूरी रात उसका इंतजार करते रहे लेकिन वह घर वापस नहीं आया।
सेक्टर-32/33 थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आईजी की कोठी के पास कोई शव पड़ा है। वह तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।