सेक्टर-13 के मकान नंबर 529 में व्यापारी की पत्नी पूजा गुंबर की गई हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने खुलासा किया है कि हत्यारोपियों द्वारा मालकिन के लूटे गए जेवर आर्टिफिशियल निकले हैं। इतना ही नहीं तीनों आरोपियों ने अपना-अपना बंटवारा कर आर्टिफिशियल गहने घरों में छुपा लिए थे, फिलहाल पुलिस ने नकली गहनों को बरामद कर लिया है। आरोपियों ने माना है कि उन्होंने असली जेवरों के चक्कर में महिला की हत्या की थी। आरोपी मोहित निवासी मोतीनगर, रोहित वासी अर्जुन गेट व शुभम उर्फ गोल्लु वासी कलंदरी गेट को रिमांड के पहले दिन यह खुलासा किया है। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा
।
बता दें कि 8 जुलाई को व्यापारी रविंद्र गुंबर की पत्नी पूजा गुंबर की हत्या दिनदहाड़े कर दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हत्या कर लूटपाट करने का केस दर्ज किया गया। एसपी पंकज नैन मौके पर पहुंचे और मामला गंभीर होने पर सीआईए टू को जांच दी गई।
सीआईए टू टीम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि व्यापारी रविंद्र गुंबर की दुकान पर ही तीस साल से नौकर संजय कुमार के लड़के मोहित ने पूरी वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया। सीआईए टू के इंचार्ज आजाद सिंह ने बताया कि जिस दिन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया उस दिन जो कपड़े पहन रखे थे, वह शुभम उर्फ गोल्लु के घर छिपा रखे थे उनको बरामद कर लिया है। मोबाइल भी गोल्लु के घर से मिला है। तीनों आरोपियों ने करीब दस हजार रुपये के आर्टिफिशियल गहने आपस में बांट लिए थे। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे के आदी हैं और वह इन गहनों को असली समझते हुए वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।