माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गांव ढाकवाला गुजरान में हुए आदित्य हत्याकांड में पुलिस गिरफ्त में आए हत्यारोपी सोनू को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि इन अन्य आरोपियों के संबंध में जांच और पूछताछ जारी है। रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी सोनू का अदालत में पेश किया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने गांव से ही हत्या में इस्तेमाल होने वाले चाकू को भी बरामद कर लिया है।
मामले के अनुसार, वीरवार की रात को कहासुनी के बाद अनाज मंडी के चौकीदार आदित्य (18) को गांव के सोनू ने बर्गर काटने में इस्तेमाल होने वाले तेजधार चाकू से छाती पर वार किया था, इससे दिल व उसके पास के हिस्से में चाकू लगने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी सोनू ने बताया था कि शराब के नशे में डीजे पर नाचते हुए आदित्य का हाथ लगने पर उसे गुस्सा आ गया था। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई थी। तो घर जाने के बाद वह चाकू लेकर आया और उसे बाहर बुलाकर उसने वार किए थे। शुक्रवार की रात को गिरफ्तार हुए सोनू को शनिवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा।
सदर थाना के प्रभारी तरसेम ने बताया कि आरोपी सोनू को फास्टफूड का काम शुरू करना था। इसके लिए वह कुछ दिन पहले ही बर्तन, क्रॉकरी और चाकू आदि सामान लेकर आया था। वीरवार की रात को कहासुनी में उसकी बेइज्जती होने के बाद वह घर लाए नए सामान से चाकू उठाकर लाया था। वारदात के समय मौजूद अन्य युवक व आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। पिता मनोज की शिकायत पर पुलिस ने सोनू के अलावा गांव के अजय को नामजद करते हुए केस दर्ज किया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि डीजे पर सोनू और उसके सभी साथी शराब के नशे में नाच रहे थे।
लोगों ने शोर मचाया तो भाग गए थे आरोपी
पिता मनोज ने बताया कि उनका छोटा बेटा आदित्य चाकू लगने पर लहूलुहान होकर गिर गया था। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में युवक को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज लाए। जहां उसे भर्ती कर लिया गया, लेकिन उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। वारदात की तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।