संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मेरठ रोड पर मंगलवार की दोपहर को नगर निगम के कचरा वाहन में अचानक आग लग गई। चालक नवीन ने वाहन से नीचे कूदकर जान बचाई। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। काफी देर तक दमकल नहीं पहुंची। लोगों ने पास की पानी की टंकी से पाइप लगाकर आग पर काबू पा लिया। आग लगने के बाद आने-जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया था। गनीमत रही कि आग सीएनजी सिलिंडर तक नहीं पहुंची, नहीं तो विस्फोट हो सकता था।
चालक नवीन कचरा डालने के लिए मेरठ रोड स्थित डंपिंग यार्ड जा रहा था। मेरठ रोड पर वाहन से धुआं उठने लगा। नवीन तुरंत गाड़ी से नीचे उतर गए। अभी वह गाड़ी से उतरे ही थे कि आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि वाहन का पूरा केबिन जल गया। सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी, लेकिन मौके पर गाड़ी नहीं पहुंच सकी। ऐसे में आसपास के लोगों ने पानी की पाइप लगाकर आग बुझाई।
एहतियात के तौर पर मेरठ रोड से गुजर रहे अन्य वाहनों को भी रोक दिया, ताकि कोई और हादसा न हो। गाड़ी चालक नवीन ने बताया कि उन्हें आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। आग लगने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
-
लगा था सीएनजी सिलिंडर, हो सकता था बड़ा विस्फोट
समय पर काबू नहीं पाया जाता तो आग वाहन में लगे सीएनजी सिलिंडर तक पहुंच सकती थी। इससे विस्फोट हो सकता था। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। चालक ने आग लगने की जानकारी नगर निगम के उच्च अधिकारियों को दी है।