करनाल। बकाया संपत्ति कर की वसूली को लेकर नगर निगम ने अब सख्ती शुरू कर दी है। रेलवे रोड स्थित एसडी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन को 27.42 लाख रुपये का बकाया संपत्ति कर जमा करवाने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
निगम के प्रवर्तन दल ने स्कूल से संबंधित 37 दुकानों पर भी नोटिस चस्पा किए हैं। निगम ने भुगतान के लिए पांच दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं होने पर दुकानों को सील करने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देश पर संपत्ति कर शाखा की टीम ने यह कार्रवाई की।
निगमायुक्त के अनुसार, स्कूल प्रबंधन को करीब एक माह पहले भी बकाया कर जमा करवाने के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। निगमायुक्त ने सभी संपत्ति मालिकों से समय पर कर जमा करवाने की अपील की है। उन्होंने अधिकारियों को बकायेदारों से वसूली के लिए अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अंकुश पराशर और कर अधीक्षक मनोज मान मौजूद रहे।