अंबाला सिटी। पंचायत भवन में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में मंगलवार को सांसद कार्तिकेय शर्मा भड़क गए। सांसद निधि के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों को प्रशासन की ओर से लगातार खारिज किए जाने से नाराज कार्तिकेय शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई और बैठक का बीच में ही बहिष्कार कर दिया।
बैठक के दौरान सांसद कार्तिकेय ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन उनके द्वारा सुझाए गए जनहित के कार्यों को जानबूझकर लटका या खारिज कर रहा है। तल्ख लहजे में अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सांसद ने कहा- अगर जिला प्रशासन को मेरे द्वारा दिए गए कार्यों को इसी तरह खारिज ही करना है, तो मेरा इस बैठक में मौजूद रहने का कोई फायदा नहीं है। इसके बाद वह बैठक को बीच में छोड़कर चले गए।