संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जनेसरों के समीप एक ट्रक चालक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। जिससे भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जनेसरों निवासी आशु ने बताया कि वह गांव के बस अड्डे पर ढाबा चलाता है। उसका भतीजा राहुल कुमार की गांव के बस अड्डे पर किराने की दुकान है। 25 अक्तूबर को करीब चार बजे शाम राहुल उसके पास आया और कहने लगा कि उसे एमएस शिव शक्ति राइस मिल में लेबर के पास किराना पहुंचाना है।
इसके बाद वे दोनों बाइक पर सवार होकर राइस मिल की तरफ चल पड़े। जब वह राइस मिल के समीप पहुंचे तो एक ट्रक चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस कारण राहुल ट्रक के सामने गिर गया और ट्रक का पहिया राहुल के ऊपर से गुजर गया। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया तो डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मृतक के परिजन दिल्ली में राधा स्वामी सत्संग ब्यास की सेवा में गए थे। ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।