संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बड़ागांव में श्री शाकुंभरी मैया ड्रामेटिक क्लब व मंदिर कमेटी की ओर से वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। क्लब की ओर से गांव में शोभायात्रा निकाली गई। पूरा गांव माता रानी के जयकारों और बाबा श्याम के भजनों से झूम उठा।
सोमवार सुबह माता रानी की पूजा अर्चना करने के बाद यात्रा की शुरुआत की गई। शोभायात्रा का गांव में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में बुग्गी पर मां शाकुंभरी का स्वरूप देखते ही बनता था, राम-लक्ष्मण-सीता और अन्य देवियों के स्वरूप विराजमान थे। क्लब और मंदिर कमेटी के सदस्य हाथ में मां के पंखे लेकर ढोल की थाप पर नाचते नजर आए।
श्री शाकुंभरी मैया ड्रामेटिक क्लब ने पंचायत घर में माता के मेले के उपलक्ष्य में अश्विन शुद्धि चौदस की रात को चतुर्थ धार्मिक मंचन ‘मां वैष्णो देवी कथा’ के रूप में पेश किया गया और इसी कर्म में कल रात को अंतिम और पांचवां मंचन ‘शहीद भक्त सिंह’ के रूप में पेश किया जाएगा।
मां के दर्शन कर मांगी परिवार की खुशी
मां शाकुंभरी देवी मंदिर में बारिश के बीच भी श्रद्धालु मां के दर्शन और भोग लगवाने के लिए पूरा दिन आते रहे। मेले में जहां महिलाओं ने घर के सजावट, रसोई का सामान खरीदा और झूले का आनंद लिया वहीं बच्चों ने लजीज व्यंजनाें का स्वाद लिया। मंगलवार को भी विशेष मेले, भंडारे तथा दंगल का भी आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर क्लब के प्रधान साहब सिंह राणा, विनोद चौधरी, चरण सिंह राणा, जनरल सेक्रेटरी रामधन गुप्ता, सेवक सुरेश गुप्ता सभी मंदिर कमेटी व क्लब के सदस्य और समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।