माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मौसम की करवट बदलने के साथ शनिवार सुबह धुंध गिरी। ऐसे में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। करनाल रेलवे स्टेशन से आवागमन करने वाली 60 में से 29 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। ज्यादा देरी से आने वाली ट्रेनों में दिल्ली से अंबाला की ओर जाने वाली ट्रेन शामिल रही। मालवा एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से सुबह 10 बजे पहुंची। सचखंड एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से शाम को पांच बजे आई।
इसके बाद एक के बाद एक कर 10 ट्रेनें आधे से पौने घंटे की देरी से पहुंची। इनमें अमृतसर एक्सप्रेस पौन घंटे लेट, एकता एक्सप्रेस आधा घंटा लेट, शान ए पंजाब आधा घंटा लेट, हरिद्वार एक्सप्रेस पौने घंटे लेट, नई दिल्ली कुरुक्षेत्र लोकल सवा घंटा लेट, गीता जयंती एक घंटा लेट, पश्चिम सुपरफास्ट आधा घंटा लेट, फाजिल्का इंटरसिटी आधा घंटा लेट, अमृतसर इंटरसिटी आधा घंटा लेट,दौलतपुर जनशताब्दी आधा घंटा लेट रही।
अंबाला से दिल्ली की ट्रेनें भी रहीं लेट
अंबाला से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में झेलम एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 9:15 बजे पहुंची। कुरुक्षेत्र दिल्ली लोकल सवा घंटे की देरी से दोपहर बाद 2:40 बजे आई। इनके बाद नई दिल्ली जनशताब्दी आधा घंटा लेट, दिल्ली इंटरसिटी पौने घंटे लेट, सचखंड एक्सप्रेस पौन घंटे लेट, कुरुक्षेत्र-दिल्ली लोकल आधा घंटा लेट और आम्रपाली आधा घंटा लेट रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने रेलवे प्रबंधन से ट्रेनों को नियमित तौर पर समयबद्ध परिचालन की मांग की है।