फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: जिले के 272 केंद्रों पर रोज कर रहे 7 हजार से अधिक लोग योग

Mon, 08 Jun 2026 01:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
विज्ञापन
योग का अभ्यास करते लोग। संस्था
विज्ञापन
करनाल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। आयुष विभाग की ओर से जिले के विभिन्न ब्लॉकों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर योग प्रोटोकॉल शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को जिला कारागार में 21 दिवसीय विशेष योग शिविर के तहत 473 बंदियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया, जबकि जिले के 272 योग केंद्रों पर प्रतिदिन 7 हजार से अधिक लोग नियमित रूप से योग कर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
विज्ञापन

जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ एवं हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला कारागार में एक जून से 21 जून तक विशेष योग शिविर चलाया जा रहा है। जेल डीएसपी धर्मचंद नैन की देखरेख में आयोजित इस शिविर में रविवार को योग इंस्ट्रक्टर मुन्ना कुमार और कांता ने बंदियों को अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। डॉ. अमित पुंज ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि कैदियों के मानसिक सुधार और पुनर्वास का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। ध्यान के माध्यम से वे अपने व्यवहार और विचारों पर नियंत्रण करना सीखते हैं, जिससे उनके पुनर्वास की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं।
सामाजिक संस्थाएं भी निभा रहीं अहम भूमिका
पतंजलि योग समिति जिले में सबसे अधिक 150 केंद्रों पर योग कक्षाएं संचालित कर रही है। आयुष केंद्रों की 56, आयुष योग व्यायामशालाओं की 34, मेरा मिशन स्वस्थ भारत की 20 और भारतीय योग संस्थान की 8 कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त करण योग संस्थान, हमारा मिशन स्वस्थ भारत, हार्टफुलनेस संस्थान और दिव्य योग मंदिर की ओर से भी योग केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन सभी को मिलाकर जिले में कुल 272 योग केंद्रों पर प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आयुष विभाग के अधिकारियों के अनुसार 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक योग सत्र और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें