- तेज बारिश हुई तो हाईवे पार के सेक्टर, शहर और लाइन पार क्षेत्र की 50 से ज्यादा कॉलोनियों में जलभराव से बढ़ेगी परेशानी
- गलियों व कॉलोनियों में सफाई का नगर निगम ने अब लगाया टेंडर, काम शुरू होने में ही बीत जाएगा जुलाई महीना
गगन तलवार
करनाल। मानसून दस्तक दे चुका है लेकिन नगर निगम को शहर की कॉलोनियों के नालों और सीवरेज की सफाई की याद अब आई है। अभी भी कागजी प्रक्रिया शुरू हुई है, जबकि अब तक तो यह कार्य पूरा हो जाना चाहिए था। ऐसे में यदि तेज बारिश हुई तो लोगों को जलभराव से परेशानी झेलनी पड़ेगी।
नगर निगम ने हाईवे पार के सेक्टर, शहर और लाइन पार क्षेत्र सहित 50 से ज्यादा कॉलोनियों के नालों व सीवरेज की सफाई को लेकर निविदा प्रक्रिया अब शुरू की है। जिसे पूरा होने के बाद धरातल पर काम शुरू होने में ही जुलाई माह बीत जाएगा। जबकि मौसम विभाग की ओर से इसी सप्ताह से तेज बरसात की संभावना जताई गई है।
हकीकत में देखा जाए तो यह कार्य समय से पहले पूरा होना तो दूर शुरू होता हुआ भी दिखाई नहीं दे रहा है। जबकि नगर निगम की ओर से जून माह के मध्य में ही शहर के नालों और सीवरेज की सफाई का दावा किया गया था। अमर उजाला ने शहर के नालों की स्थिति देखी तो हालात दावे के विपरीत मिले।
इधर शहर के लोगों ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। लोगों का कहना है कि जो कार्य निगम को मार्च माह में करना चाहिए था, निविदा का वह कार्य अब शुरू हो रहा है। करोड़ों रुपये पानी में व्यर्थ बह जाते हैं और अधिकारियों की लचर व्यवस्था के कारण ही लोगों को हर वर्ष परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार भी सात वार्डों की कॉलोनियों के नालों व सीवरेज की सफाई के लिए भी एक करोड़ 32 लाख 52 हजार 167 रुपये नालों और सीवरेज की सफाई पर खर्च होंगे। इसके अलावा डिस्पोजल और पंप मोटर का इंतजाम भी किया जा रहा है।
इन क्षेत्रों में 1.32 करोड़ से होगी सफाई
क्षेत्र
खर्च (रुपये में)
सेक्टर-13 और सेक्टर-13 एक्सटेंशन
30,67,079
वार्ड-18 और 19 (सभी कॉलोनियां)
35,70,237
वार्ड-09 (सेक्टर-7, 8 और 9)
36,07,745
वार्ड-04 (सभी कॉलोनियां)
08,97,352
वार्ड-03 (सभी कॉलोनियां)
15,47,470
बड़ौता ड्रेन
05,62,284
नोट : क्षेत्र में पुरानी व आरसीसी पाइपलाइन, मेनहोल और गलियों में सीवरेज चैंबर की सफाई होगी।
यहां सफाई पूरी होने का है निगम का दावा
- 24 बड़े नालों की सफाई हुई।
- मुगल कैनाल के फेज-3 की सफाई हुई।
- राम नगर नाला, जो काछवा पुल से शुरू होकर मीरा घाटी आईपीएस (इंटरमिडिएट पम्पिंग स्टेशन) तक जाने वाले 4200 मीटर लंबे नाले की सफाई हुई।
- एनएच-44 से सेक्टर-4 पुलिया तक ड्रेन के अंदर से जमी गाद व घास-फूस को पोकलेन मशीन से निकाला।
यहां सफाई का कार्य अधूरा
- नूर महल चौक से फूसगढ़ रोड तक ग्रीन बेल्ट के अंदर से गुजर रहा नाला व फूसगढ़ से छपरा खेड़ा तक आरसीसी पाइप नाला की सफाई कार्य।
- क्लॉक टावर से मुगल कैनाल को जाने वाली बॉक्स ड्रेन की सफाई।
- मुगल कैनाल फेज-02 और 01 की सफाई जारी है।
शहर के बड़े नालों की सफाई पहले की गई। वार्ड-18, 19, 09, 04 और 03 व सेक्टर-13 क्षेत्र के नालों व सीवरेज लाइन की सफाई के लिए टेंडर लगाया है। जलभराव न हो, इसके लिए हमारे इंतजाम पर्याप्त हैं। शहर के 11 डिस्पोजल का संचालन एजेंसी द्वारा किया जाएगा और सफाई कार्य अगले करीब तीन माह तक जारी रहेंगे। - अभिषेक मीणा, आयुक्त, नगर निगम