- बाजार में सोना-चांदी और बर्तनों की रहेगी चमक, ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक आइटमों पर ऑफरों की भरमार
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। धनतेरस पर बाजार में धन वर्षा होगी। इस कारण कारोबारी भी खुश हैं। तांबा व पीतल के बर्तनों की मांग बढ़ी है। सोने व चांदी के लगातार बढ़ रहे भाव के बावजूद सिक्कों व छोटे उपहारों की खूब मांग है। ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक आइटमों पर आकर्षक ऑफरों की भरमार है।
शहर में 10 इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूम से 160 स्कूटियां बिकेंगी। इसमें से करीब 88 स्कूटियों की अग्रिम बुकिंग भी हो चुकी है। ऑनलाइन माध्यम से भी अलग-अलग कंपनियां स्कूटियां बुक की जा रही हैं। वहीं विभिन्न कंपनियों की 778 छोटी व बड़ी कारों की बिक्री होगी। ग्राहकों की ओर से शोरूमों में जाकर या ऑनलाइन माध्यम से वाहनों की अग्रिम बुकिंग की जा चुकी है। इन सभी वाहनों की डिलीवरी दीपावली पर होगी। वहीं बाइक व स्कूटी भी 800 से भी ज्यादा बिकने की आस है। शहर में स्थित विभिन्न कंपनियों के शोरूम से रोजाना 25 से 30 स्कूटियों की खरीदारी की जा रही है।
सराफा बाजार-
सराफा कारोबारियों का कहना है कि इस बार करवा चौथ व अहोई अष्टमी पर सोने चांदी का कारोबार ठीक रहा है। इन त्योहारों पर ज्यादा छोटे आइटमों की ही खरीदारी हुई। धनतेरस व दीपावली से पहले लोगों का सोने-चांदी की खरीदारी में रुझान देखा जा रहा है। करोड़ों के कारोबार की आस है। शहर बड़े-बड़े कारोबारी त्योहार पर पूजा के लिए सोने व चांदी की भगवान की प्रतिमा के साथ-साथ महंगे जेवर भी खरीद रहे हैं। सराफा कारोबारियों का कहना है कि करवा चौथ व अहोई अष्टमी पर ज्यादा चांदी के जेवरों की ही बिक्री हुई। दीपावली पर सोने व चांदी के के उपहार व जेवर खरीदे जाने की आस है क्योंकि सोने, चांदी के जेवरों से माता लक्ष्मी की पूजा करना शुभ माना गया है।
धनतेरस पर बर्तन व झाडू की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इस कारण से मंगलवार को सोना व चांदी कारोबारियों के साथ-साथ झाडू की दुकानों पर भी खूब रौनक रहेगी। स्टील के आकर्षक डिजाइन के बर्तनों के साथ-साथ महिलाओं की ओर से तांबे की थाली व गिलास भी शौक से खरीदे जा रहे हैं। बाजार में पांच रुपए से पांच हजार तक के बर्तन बेचे जा रहे हैं। महिलाएं अपनी जरूरत व पसंद के हिसाब से सामान की खरीदारी कर रही है। पूजा की थाली, डिजाइनर टंकी, डोली व जग भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।
ऑटोमोबाइल
त्योहार पर चौपहिया व दुपहिया वाहनों पर आकर्षक ऑफर्स निकाले जाते हैं। वाहन बुकिंग की अग्रिम राशि, एक्सचेंज ऑफर तथा कैश में खरीदारी करने पर कंपनी की ओर से कई प्रकार के ऑफर दिए जाते हैं। इस बार एक्सचेंज ऑफर पर 85 प्रतिशत तक की छूट के साथ-साथ दोपहिया वाहनों की बुकिंग मात्र 999 रुपए में की जा रह है। जिन कंपनियों के नए वाहन मार्केट में आए हैं उनकी खरीदारी करने पर आकर्षक उपहार दिए रहे हैं। इस बार धनतेरस पर हजारों की संख्या में चौपहिया व दुपहिया वाहनों की बिक्री होगी।
इलेक्ट्रॉनिक
बाजार में यदि इलेक्ट्रॉनिक आइटम की बात करें तो इनकी खरीदारी पर दिए जाने वाले आकर्षक ऑफर ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। इस बार स्वदेशी इलेक्ट्रिक लडियां भी ग्राहकों की पहली पसंद बनी हैं। वहीं इलेक्ट्रिक स्कूटियां पसंद के हिसाब से खरीदारी की जा रही हैं। पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण इलेक्ट्रिक स्कूटियां ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं। इस बार सैकड़ों इलेक्ट्रिक स्कूटर बिकने की आस है।