करनाल। न्यूजीलैंड में आयोजित इंटरनेशनल सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। भारतीय टीम में जिले के खिलाड़ी मोहित शामिल थे और उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 अप्रैल से 29 अप्रैल तक हुआ। मोहित ने बताया कि पुरी प्रतियोगिता में पांच मैच हुए और उन्होंने सभी में बेहतर प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि वह चार साल से इसकी तैयारी कर रहे थे। 13 साल की उम्र में उन्होंने कबड्डी खेलना शुरू किया था। इससे पहले वह प्रो. कबड्डी खेलते थे लेकिन बाद में सर्कल कबड्डी में आ गए और अभ्यास शुरु कर दिया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश स्तर पर काफी मैच खेले। अच्छे प्रदर्शन के चलते उनका चयन भारतीय टीम में हुआ। मोहित के गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।