हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव 2014 को भारी बहुमत से जीतने के लिए तैयार रहें।
इसके लिए संगठन का मजबूत होना बहुत जरूरी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी को मजूबत करने के लिए जिला स्तर पर सम्मेलन किए जाएंगे। प्रदेश के सभी निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ दूसरे अच्छे नेताओं को भी पार्टी के साथ जोड़ने का काम किया जाएगा।
वे शनिवार को पिहोवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा डीएवी कॉलेज के पास आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनदीप चट्ठा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का जोरदार स्वागत किया।
प्रदेशाध्यक्ष को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलों की मालाओं के साथ लाद दिया और ढोल की थाप पर जमकर डांस भी किया। हिसार-कैथल रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपना संदेश देते हुए प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। आगामी दस दिनों में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के प्रचार-प्रसार में लग जाना चाहिए। कांग्रेस सरकार द्वारा हलका में करवाए गए विकास कार्यों व नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पिछली बातों को भूल कर वर्तमान के बारे में सोचना चाहिए और पार्टी के हित में कार्य करना चाहिए।
इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयभगवान शर्मा डीडी, ब्लॉक प्रधान शहरी राकेश बधवार, ग्रामीण ब्लॉक प्रधान कर्णजीत सिंह चट्ठा, जितेंद्र सिंह बबलू, अनिल धवन, गोपाल कौशिक, सुखवीर ग्रेवाल, विनोद गर्ग, नरेंद्र पुरी, रामफल ककराली, छोटूराम जखवाला, बंटी खुंबर, राजबीर राणा, उमाकांत, गीता डाबर, सुशील बंसल, सिकंदर बाखली, अशोक सिंंगला, एसडी मुरार, जसमेर बडेड़ी, रघबीर चट्ठा, ज्ञानचंद संधौली, गुरदेव बाजवा, सुनीता नहरा, गिनी मित्तल, जगदीश ककराली, अशोक पुनयानी, संपूर्ण, रणबीर, अमरगिरी, सुखदेव मलिक, विक्रम, चुन्नी लाल, लालचंद मांगना, कर्णवीर, दीपचंद, सुरताराम, आशीष मेहता सहित सभी कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं, इस्माईलाबाद में भी नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर का कस्बे में पहुंचने पर स्वागत किया गया। कस्बे के बस अड्डे पर पूर्व ब्लॉक प्रधान मोहन लाल भांवरा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं व गुलदस्ते तथा शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि इस समय प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में कोई भी गुटबाजी नहीं है, सभी कांग्रेसी एकजुट होकर चुनाव लडे़ंगे। दूसरी ओर गांव ठोल के बस अड्डे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जय भगवान शर्मा डीडी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया तथा कांग्रेस जिला प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पगड़ी तथा शाल भेंट की।