कैथल के गांव क्योड़क में मोबाइल चोरी होने पर कार्रवाई न करने पर कई गांव वासी भड़क उठे और एकत्रित होकर हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर गांव क्योड़क में ही जाम लगा दिया।
करीब आधे घंटे तक लगे जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियां हुईं। बाद में एसएचओ के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने बाद में दो युवकों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया।
मामले के अनुसार गांव निवासी प्रवीण कुमार का गांव में ही दुकान से मोबाइल चोरी हो गया था। इस मोबाइल को चोरी करने वाले दो युवकों को पकड़कर इन लोगों ने क्योड़क पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। इसके काफी देर बाद भी मामले में कोई कार्रवाई न होने पर लोग भड़क उठे।
प्रवीण सहित कई लोगों ने एकत्रित होकर हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर गांव के बस अड्डे के निकट ही जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिसमें सवार लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना सदर प्रभारी राज सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया। बाद में पुलिस ने प्रवीण की शिकायत पर दो युवकों विक्रम एवं जौनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।