- नहर किनारे मिली एक्टिवा और मोबाइल, पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। लापता युवक व युवती की बाइक और मोबाइल इंद्री थाना क्षेत्र के गांव धनौरा में पश्चिमी यमुना नहर पुल के पास मिले हैं। दोनों के नहर में कूदने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार खुर्दबन निवासी युवक और गांव धनौरा की रहने वाली युवती कलरी गांव के एक निजी स्कूल में कक्षा बारहवीं में पढ़ते हैं। बुधवार से दोनों लापता हैं। परिजनों ने इंद्री थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों की खोजबीन की मगर सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार देर शाम पुलिस को लोगों ने सूचना दी कि नहर के पास एक एक्टिवा खड़ी है। मौके पर पहुंचे तो एक्टिवा के अंदर से दो मोबाइल भी मिले। लोगों ने युवक और युवती के नहर में कूदने की आशंका जताई। जिसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया।
इंद्री थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि परिजनों ने दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई है। नहर के पास से एक्टिवा बरामद की गई। जिसके अंदर से दो मोबाइल मिले हैं। परिजनों ने युवक और युवती के नहर में कूदने की आशंका जताई है। गोताखोर दोनों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस द्वारा बाइक व मोबाइल मिलने की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे।