रसूलपुर गांव में कुछ शरारती युवक ग्राम पंचायत की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करके भाग गए। दो कैमरे भी चोरी कर ले गए। सरपंच बालकिशन की शिकायत पर इंद्री थाना पुलिस ने चोरी और नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बालकिशन सिंह ने डीएसपी इंद्री को दी शिकायत के अनुसार, पंचायत की ओर से गांव में चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 5 मार्च की रात को 10 बजे आरोपी अजय उर्फ शिलू, विक्रम, रजत व उनके साथियों ने नशे में कैमरों को तोड़ दिया। दो कैमरे उतारकर अपने साथ ले गए। इंद्री थाना प्रभारी विपिन ने बताया कि पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जाएगी।
आरोपियों ने पहले किया झगड़ा
सरपंच बाल किशन सिंह ने बताया कि पंचायती कैमरों की डीवीआर और स्क्रीन उनके घर पर लगी हुई है। फुटेज में कई युवक किसी के साथ झगड़ा करते हैं, बाद में उनकी नजर वहां लगे कैमरे पर जाती है। आरोपी कैमरों को नुकसान पहुंचाते हैं। वह माैके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने घटना के 22 दिन बाद चोरी और तोड़फोड़ की प्राथमिकी दर्ज की है। अब भी आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं।