- फिर घर में घुसा अनियंत्रित ट्रैक्टर, एक बुजुर्ग की हालत गंभीर
- छबील के दौरान खड़े सात बच्चे बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल (तरावड़ी)। गांव भैणी में सोमवार की शाम ट्रैक्टर चलाना सीख रहे दो नाबालिगों ने पहले छबील की मेज को टक्कर मारी फिर ट्रैक्टर को एक घर में घुसा दिया। छबील के कार्यक्रम में मौजूद नौ वर्षीय बच्चे को ट्रैक्टर ने कुचल दिया और एक बुजुर्ग को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्चे की मौत हो गई जबकि बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान वहां मौजूद अन्य सात बच्चे बाल-बाल बचे। इसके बाद नाबालिग ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है।
शामगढ़ निवासी सुनील ने बताया कि सोमवार सुबह 11:12 बजे वह अपने नौ साल के बेटे आरव के साथ गांव भैणी स्थित दुकान पर गया था। दुकान से कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने छबील लगाई थी। आरव भी छबील में चला गया और गांव के बुजुर्ग ओम प्रकाश के पास बैठ गया। तभी रेलवे फाटक की तरफ से ट्रैक्टर चलाते हुए दो नाबालिग आए और छबील की मेज को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर की दिशा बदल गई और पहिया आरव के ऊपर चढ़ गया। ओमप्रकाश भी घायल हो गया। आनन फानन उसे और बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरव को मृत घोषित कर दिया।
दोनों नाबालिग ट्रैक्टर लेकर ग्रामीण जसमेर सिंह के घर में जा घुसे। गनीमत रही कि घर में मौजूद कोई चपेट में नहीं आया। घर में घुसने के साथ ट्रैक्टर रुक गया। ग्रामीणों के मुताबिक 16 और 17 वर्षीय किशोर ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे। रेलवे फाटक की ओर से तेजी के साथ आए थे। थाना प्रभारी तरावड़ी संदीप कुमार ने बताया कि नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।