माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शिव कॉलोनी में रविवार को एक नाबालिग ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सन्नी (15 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि सुबह सन्नी के पिता ऑटो लेकर काम पर निकल गए थे और मां नौकरी पर चली गई थी। बड़ा भाई किसी काम से बाहर गया था। दोपहर एक बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं आया। खिड़की से झांककर देखा तो सन्नी फंदे पर लटका था।
परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह भिजवाया गया है।
मृतक के मामा रणबीर ने बताया कि सन्नी ने नौवीं में एडमिशन तो लिया था, लेकिन परीक्षा नहीं दी थी। हालांकि, उसने कभी भी किसी मानसिक तनाव या परेशानी के बारे में नहीं बताया था। रामनगर थाने से एएसआई विक्रम कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के मामा ने बताया कि यह सन्नी अपनी समस्या उन्हें बताया होता तो आज यह दिन देखने को नहीं मिलता। लेकिन उन्हें जरा भी आभास नहीं हुआ कि वह ऐसा कदम उठाएगा।