कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग का जायजा लेने और उद्घाटन की तिथि फिक्स करने को शनिवार को करनाल पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के एडिशनल चीफ सेकेट्ररी धनपत सिंह निराशा नजर आए। स्वास्थ्य विभाग इस सप्ताह मुख्यमंत्री द्वारा मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का उद्घाटन करना चाहता था, लेकिन अधूरी तैयारियों का हवाला देकर कॉलेज प्रशासन ने हाथ खड़े कर लिए।
इससे एक बार फिर नई बिल्डिंग का उद्घाटन अधर में लटक गया। जांच के दौरान एसीएस धनपत सिंह को कई खामियां नजर आई, इस पर एसीएस ने मेडिकल प्रशासन को कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए मेडिकल कालेज के डायरेक्टर को यहां तक कह दिया कि डायरेक्टर साहब केवल नंबर बनाने का काम मत करो, इससे नंबर बनेंगे नहीं, बल्कि नंबर कम होंगे। एसीएस ने निर्देश दिये कि कमेटी गठित कर एक सप्ताह के अंदर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, अब ओपीडी का उद्घाटन मार्च माह में होने की उम्मीद हैै।
एसीएस धनपत सिंह ने शनिवार को डीसी मंदीप सिंह बराड़, नगर निगम आयुक्त डॉ. आदित्य दहिया, एसडीएम योगेश कुमार, सीटीएम सुधांशु गौतम और मेडिकल कॉलेज डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र कश्यप के साथ मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग का दौरा किया। इस दौरान एसीएस धनपत सिंह को बिल्डिंग में कई जगह टूटी छत, गंदगी, बेड, फर्नीचर, मशीनरी आदि की खामियां नजर आई। इससे निराश धनपत सिंह ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि, आप लोग तैयारियां अधूरी छूट सिर्फ नंबर बनाने के खेल में लगे हैं, आप को यह समझना होगा कि जिस तरह की तैयारियां हैं, उससे नंबर बनने की जगह कटेंगे।
एसीएस धनपत सिंह ने जब मेडिकल प्रशासन से एक सप्ताह के अंदर मुख्यमंत्री से उद्घाटन कराने की बात कही तो, अधिकारियों ने अधूरी तैयारियों का हवाला देकर हाथ खड़े कर लिए। अधिकारियों ने कहा कि अभी हमारी तैयारी पूरी नहीं है, हमें एक दो माह का और समय दिया जाए। इसपर धनपत सिंह ने कहा कि जिन सामानों की कमी है, उसको लोकल लेवल पर खरीदने और अप्रूवल के लिए कमेटी बनाओ और इमरजेंसी में सामानों की खरीद कर तैयारी सुनिश्चित करो। कॉलेज में शिक्षण भवन बाद में शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन एक माह के अंदर ओपीडी शुरू करनी है।
मेडिकल कॉलेज में अभी एंबुलेंस और वेंटिलेटर तक नहीं
करीब 500 करोड़ रुपये में बनकर उद्घाटन के लिए तैयार खड़े इस मेडिकल कॉलेज में अभी वेंटिलेटर और एंबुलेंस तक नहीं है। एसीएस धनपत सिंह ने कॉलेज का दौरान करते हुए जब कॉलेज प्रशासन से एंबुलेंस के बारे में पूछा तो सभी अधिकारी एक दूसरे का चेहरा देखने लगे। इसके बाद एक अधिकारी ने बताया कि अभी हमारे पास एंबुलेंस नहीं है। इस पर हैरान होते हुए धनपत सिंह ने कहा कि कुछ दिनों में यहां ओपीडी शुरू होने जा रही है और एंबुलेंस तक नहीं। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खानपुर मेडिकल कॉलेज से जल्द दो लाइफ सपोर्ट और दो जनरल एंबुलेंस मंगाए।
वहीं वेंटिलेटर के बारे में कॉलेज निदेशक डॉ. सुरेंद्र कश्यप से पूछा तो पता चला कि अभी यहां वेंटिलेटर तक नहीं है। डॉ. कश्यप ने बताया कि हमने एडवांस वेंटिलेटर मंगा रखा है। इसपर धनपत सिंह ने कहा कि वेंटिलेटर जल्द मंगाए, अगर ओपीडी शुरू होने के बाद वेंटिलेटर की कमी से कोई हादसा होता है तो उसके जिम्मेदार आप होंगे।