संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण कैनाल की अधर में लटकी सड़कों का निर्माण का कार्य दोबारा शुरू हो गया है। मार्केट में दोनों ओर नाली (सोशल ड्रेन) का निर्माण कार्य फिर शुरू हो गया है। नगर निगम जेई ने बताया कि सड़क के अधूरे टुकड़ों का नाप लेकर उन्हें भरने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर भरने का का कार्य किया जाएगा।
नगर निगम के जेई व ठेकेदार सड़क के अधूरे टुकड़ों का नाप ली। कर्ण कैनाल की सड़कों का निर्माण कार्य पिछले तीन माह से रुका हुआ था। इस कारण से दुकानदारों व राहगीरों के लिए मार्केट में आवाजाही की मुसीबत बनी थी। इस समस्या को अमर उजाला में 29 नवंबर से एक दिसंबर तक अधर में सड़क बढ़ी मुसीबत अभियान के तहत छापा गया था। इस दौरान अधर में लटकी सड़क, बीच-बीच में बने अवरोधक व बरामदों में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया था।
अब इस पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम की ओर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। नगर निगम की कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी ने बताया कि कर्ण कैनाल में पानी की निकासी का मुद्दा सबसे बड़ा है। सड़क निर्माण से पहले मार्केट के दोनों ओर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। कर्ण कैनाल रोड का कायाकल्प करने के लिए दो करोड़ 43 लाख रुपये का बजट पास हुआ था।
इसमें दोनों ओर सीमेंट कंक्रीट की सड़कें व जल निकासी के लिए नाली व चैनल बनाए जाएंगे। इस कार्य के लिए नगर निगम द्वारा जून 2023 में टेंडर लगाया गया था। सड़क सुरक्षा के लिए कैट आई व रिफ्लेक्टर भी लगाए जान थे तथा थर्मो प्लास्टिक पेंट से जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जानी थी लेकिन अभी तक यह कार्य नहीं हो पाया था।
उस समय कर्ण कैनाल की सड़कों का कायाकल्प करने के लिए एक साल का समय निर्धारित किया गया था।
कर्ण कैनाल की सड़क का निर्माण कार्य अगस्त में लगातार में चली बारिश के कारण रोक दिया गया था। सीमेंट व कंक्रीट की सड़क को सूखने व पक कर तैयार होने के लिए समय लगता है। अब मार्केट में दोनों ओर सोशल ड्रेन बनाने के बाद ग्रैप चार के हटते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। - कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, प्रियंका सैनी।