शहर के सेक्टर-4 स्थित एक गैस एजेंसी के सिलेंडरों से भारी मात्रा में गैस निकालने का गोरखधंधा सामने आया है। शहर निवासियों की शिकायत पर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग गैस एजेंसी पर पहुंचे तो गैस एजेंसी संचालकों ने उनसे हाथापाई की और बदसलूकी।
गर्ग की शिकायत पर जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जब गैस एजेंसी पर छापा मारकर सिलेंडरों को तोला तो उनमें गैस कम मिली। 14 ऐसे सिलेंडर पकड़े गए हैं, जिनमें साढ़े तीन किलो तक गैस कम पाई गई।
विभाग ने गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए डिप्टी कंट्रोलर को सिफारिश भेज दी है। हाथापाई और बदसलूकी के मामले में सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग ने गैस एजेंसी संचालक के भाई के खिलाफ सेक्टर चार स्थित पुलिस चौकी में शिकायत दी है।
सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं और उनके वार्ड निवासियों की शिकायत थी कि उनके घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस की मात्रा कम आ रही है। इस बारे में गैस एजेंसी को भी कहा गया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
गर्ग के मुताबिक वे सोमवार को इस मामले की पड़ताल करने के लिए आम उपभोक्ता की तरह गैस एजेंसी के गोदाम में पहुंचे और गैस सिलेंडर लिया। उन्होंने एजेंसी के बाहर ही कांटा मंगवाकर जब सिलेंडर का वजन किया तो उसमें निर्धारित वजन से साढ़े तीन किलो गैस कम मिली।
उन्होंने बताया कि जब वे सिलेंडर तोल रहे थे तो उनके एजेंसी संचालक के भाई ने हाथापाई की। इस पर उन्होंने एसपी और डीएफएससी को फोन करके मामले की जानकारी दी। इस दौरान गैस एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडरों को हाथ रेहड़ी में लादकर छिपाने का प्रयास करने लगे।
उन्होंने सिलेंडरों को खाली सिलेंडरों के बीच छिपाने की कोशिश की। डीएफएससी की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाली सिलेंडरों में से यह भरे हुए सिलेंडर निकाले। इन सिलेंडरों में गैस कम पाई गई।
डिप्टी कंट्रोलर को एजेंसी के खिलाफ लिखा
डीएफएससी रविंद्र मलिक ने बताया कि इंस्पेक्टर कंवलजीत सिंह के नेतृत्व ने गैस एजेंसी पर छापामारी की और गैस सिलेंडरों का मापतोल किया गया। इसमें 14 सिलेंडरों में एक किलो से लेकर साढ़े तीन किलो तक गैस कम मिली है। सिलेंडरों को कब्जे में लेकर रिपोर्ट तैयार करके विभाग के डिप्टी कंट्रोलर को एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिख दिया गया है।
कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन
सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग ने कहा कि यदि गैस एजेंसी के खिलाफ लोगों से धोखाधड़ी करने और उनके साथ बदसलूकी करने पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोगों को लामबंद करके आंदोलन करेंगे। उन्हाेंने बताया कि गैस एजेंसी के भाई के खिलाफ उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी है।