माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने मास्टर प्लान-2031 के तहत घरौंडा में पांच नए सेक्टर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए प्राधिकरण ने करीब 329 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली है और जमीन खरीदने के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से आवेदन मांगे हैं। प्राधिकरण की ओर से इस योजना के बारे में लोगों और किसानों को जानकारी देने और उनसे संवाद करने के लिए 11 मार्च को सुबह 10 बजे सेक्टर-9 स्थित क्राउन सिटी में विशेष कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में एचएसवीपी के अधिकारी मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों, किसानों व स्थानीय लोगों को जमीन खरीद प्रक्रिया, मुआवजे और विकास योजना के बारे में जानकारी देंगे।
मास्टर प्लान के तहत बनेंगे सेक्टर
एचएसवीपी की ओर से तैयार मास्टर प्लान-2031 के अनुसार घरौंडा में सेक्टर-1, 2, 7, 8 और 9 को विकसित किया जाएगा। इनमें आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित ढांचा तैयार किया जाएगा। वर्तमान में घरौंडा में सेक्टर-9 में ही प्लॉटिंग है। इसके पास जहां कई रिहायशी सोसायटियां बस चुकी हैं और आबादी भी लगातार बढ़ रही है। नए सेक्टर विकसित होने से शहर का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से होगा और आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से होगी जमीन की खरीद
प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की पारंपरिक प्रक्रिया के बजाय ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदने का विकल्प अपनाया है। इसके तहत किसान स्वेच्छा से अपनी जमीन बेचने के लिए पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार जमीन का मूल्यांकन कर खरीद की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस व्यवस्था से किसानों को पारदर्शी तरीके से भुगतान होगा और जमीन अधिग्रहण से जुड़े विवाद भी कम होंगे। वहीं, नए सेक्टर विकसित होने से घरौंडा क्षेत्र में नई कॉलोनियां, सड़कें, पार्क, सामुदायिक केंद्र, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं और व्यावसायिक स्थल विकसित किए जाएंगे। इससे न केवल शहर का ढांचा मजबूत होगा बल्कि आसपास के गांवों की जमीनों की कीमतों में भी वृद्धि होने की संभावना बनेगी।
वर्जन-
घरौंडा में सेक्टर-1, 2, 7, 8, 9 विकसित करने के लिए 329 एकड़ भूमि ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीदी जाएगी। इसके लिए एचएसवीपी की ओर से बुधवार सुबह 11 बजे क्राउन सिटी में कैंप लगाया जाएगा। इसमें आसपास के जमीन मालिकों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
- अदिति, संपदा अधिकारी