.दिवाली के उपलक्ष्य में सजा कुंजपूरा रोड संवाद
करनाल। धनतेरस पर हुई धनवर्षा और छोटी दिवाली तक बाजारों में उमड़ी भीड़ के बाद अब कर्ण नगरी दीपोत्सव के रंग में रंगने को तैयार है। शनिवार देर रात तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। कहीं सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की चमक रही तो कहीं इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, जूते और मोबाइल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कारोबार की रोशनी से बाजार जगमगा उठे।
घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें, आर्टिफिशियल फ्लावर लड़ी और एलईडी सजावटी सामान खूब खरीदा गया। मिठाइयों और उपहारों के साथ ड्राईफ्रूट पैक की भी मांग रही। धनतेरस और छोटी दिवाली पर बाजारों में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ। अब रविवार को दिवाली के दिन भी खरीदारी और वाहनों की डिलीवरी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
आधुनिक सजावटी लाइटों के बीच मिट्टी के दीयों की परंपरा भी कायम रही। बाजारों में दीयों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के स्टालों पर लोगों की भीड़ रही। छोटे दीयों के दर्जन और एक बड़े दीपक की कीमत करीब 35 रुपये तक रही। डिजाइन और आकार के अनुसार इनके दाम अलग-अलग रहे। कुम्हार सोमबीर प्रजापत के अनुसार, दिवाली के लिए वे काफी समय पहले से दीपक तैयार करने में जुट जाते हैं। इस बार बिक्री अच्छी रहने से कुम्हारों के चेहरे भी खिले हैं।
आज भी शोरूमों से निकलेंगे नए वाहन
धनतेरस के बाद दिवाली पर भी वाहन खरीदना लोग शुभ मानते हैं। इसी के चलते रविवार को जिले के 30 से अधिक कार और बाइक शोरूम से 150 से ज्यादा वाहनों की डिलीवरी होने की तैयारी है। शोरूम संचालकों के अनुसार, कारों के साथ दोपहिया वाहनों की भी बुकिंग और डिलीवरी का सिलसिला जारी है। धनतेरस पर इलेक्ट्रिक वाहनों की भी अच्छी मांग रही। ऐसे में दिवाली के दिन भी ऑटोमोबाइल कारोबार में रौनक रहने की उम्मीद है।