संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। सोमवार को तीसरे दिन पश्चिमी यमुना नहर से बरामद औंगद निवासी साहिल (24) का शव मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया लेकिन लोगों की जुबां पर कई सवाल रहे, जिनका उत्तर नहीं मिल रहा है।
साहिल ने करीब आठ माह पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी भी फूट फूट कर रो रही है। उसके होठों पर भी यही सवाल है कि आखिर, इतना गुस्सा साहिल को क्यों आया। यदि गुस्सा था तो रास्ते में इसको जाहिर क्यों नहीं किया। ससुराल में कहासुनी को लेकर गुस्सा था कि पुलिस कर्मी ने थप्पड़ मार दिए, ये गुस्सा था।
पुलिस ने सूचना के दो दिन तक उसकी तलाश क्यों शुरू नहीं कराई, जबकि उसका परिवार शनिवार की रात से ही मूनक हेड पर डेरा डाले रहा। शनिवार की सुबह ससुर की तबीयत का हालचाल पूछने के लिए संगोही गांव में साहिल अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गया। जहां कहासुनी हुई तो मामला पुलिस चौकी तक पहुंचा।
चौकी में पहुंच साहिल के परिजन लिखित में राजीनामा देकर उन दोनों को साथ में लेकर गांव औंगद में शाम को करीब साढ़े सात बजे घर पहुंचे। उसके बाद मां से खाना बनाने की बात कहते हुए एटीएम से रुपये निकालने को बोलकर साहिल घर से जुंडला की तरफ चला गया। करीब आधे घंटे के बाद साहिल ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, इससे पहले अपने पिता राजिंदर से फोन पर बात भी की।