कैथल, करनाल। कर्ण स्टेडियम में शनिवार को स्टेट जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता के पहले दिन महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में करनाल की लक्षिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भिवानी की वंशिका ने रजत और सोनीपत की रेणु ने कांस्य पदक जीता। वहीं कैथल के लिए भी गर्व का क्षण रहा, जब महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में मनप्रीत कौर ने रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
महिलाओं की डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में हिसार की रिद्धि ने स्वर्ण, जींद की महक ने रजत और जींद की ही नैंसी ने कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग में झज्जर के साहिल कादियान ने स्वर्ण, पानीपत के रुद्र ने रजत और चरखी दादरी के धीरज साहू ने कांस्य पदक हासिल किया। पहले दिन प्रदेशभर से करीब 700 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परिणाम : पुरुष ट्रिपल जंप में भिवानी के हर्ष ने स्वर्ण, पानीपत के तुषार चोपड़ा ने रजत और भिवानी के विवेक ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में जींद की हर्षिल ने स्वर्ण, कैथल की मनप्रीत कौर ने रजत और रोहतक की जिया ने कांस्य जीता। पुरुषों की 3000 मीटर स्टेपलचेज में जींद के भूपजोत ने स्वर्ण, फतेहाबाद के रोहित ने रजत और झज्जर के ओम ने कांस्य हासिल किया। महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में सिरसा की देविंद्र कौर ने स्वर्ण, फरीदाबाद की हिमांशी ने रजत और अंबाला की रिधिमा ने कांस्य पदक जीता। संवाद