करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से एचटेट यानी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा बुधवार को आयोजित की गई। लेवल-3 यानी पीजीटी की परीक्षा में समय से एक घंटा पहले तक ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों के मंगलसूत्र, चूड़ी, पाजेब आदि तक उतरवा लिए गए। जूते और जुराबें तक खुलवाकर जांच की गई। वीरवार को दो चरणों में लेवल एक और दो की परीक्षा होगी।
ऐसे में डीएवी पीजी कॉलेज और गुरुनानक खालसा कॉलेज के बाहर गेट पर अभ्यर्थियों ने अपनी चूड़ियांए कंगन आदि टांग दिए थे। 14 केंद्रों पर परीक्षा में कुल 4,255 अभ्यर्थियों को बैठना था लेकिन 3,742 अभ्यर्थी ही पहुंचे। उपस्थिति 88 प्रतिशत ही रही। सभी केंद्रों पर आठ ड्यूटी मजिस्ट्रेट और छह उड़नदस्तों ने निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की गई। हर केंद्र के बाहर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। ब्यूरो
पिता ने बच्चे संभाले, नानी भी पहुंचीं
13 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर भी पहुंचीं। केंद्र के बाद कहीं पिता ने बच्चे संभाले तो कहीं दादी-नानी ने दयाल सिंह स्कूल के बाहर सुरेश अपनी ढाई साल की बच्ची को संभाल रहे थे। गुरु नानक खालसा कॉलेज के बाहर सविता अपने 3 साल के धेवते को खिला रही थीं।
आज इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
डीएवी पीजी कॉलेज ब्लॉक-1 और 2, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन, दयाल सिंह कॉलेज ब्लॉक-1 और 2, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर-7, राजकीय महिला महाविद्यालय रेलवे रोड, गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल सेक्टर-13, गुरु नानक खालसा कॉलेज ब्लॉक-1 और 2, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन, जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ओपीएस विद्या मंदिर सेक्टर-13, प्रताप पब्लिक स्कूल सेक्टर-6, प्रकाश पब्लिक स्कूल सेक्टर-6, प्रताप पब्लिक स्कूल जरनैली कॉलोनी, पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय, आरएस पब्लिक स्कूल ब्लॉक-1 और 2, एसडी आदर्श पब्लिक स्कूल कुंजपुरा रोड ब्लॉक-1 और 2, एसडी मॉडल स्कूल में वीरवार को परीक्षा होगी।
यह है दोनों परीक्षाओं की स्थिति
- एचटेट लेवल-1 : नौ परीक्षा केंद्रों पर 2562 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक परीक्षा होगी। दोपहर 12:50 बजे से बायोमीट्रिक शुरू होगी। दोपहर 2 बजे से पहले प्रवेश दिया जाएगा।
- एचटेट लेवल-2 : 22 परीक्षा केंद्रों पर 6729 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 10 से 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। 7:50 बजे से केंद्रों में हाजिरी शुरू होगी। सुबह 9 बजे से पहले ही प्रवेश दिया जाएगा।
डिजिटल उपकरण न लेकर जाएं
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल व अन्य डिजिटल उपकरण पूरी तरह के प्रतिबंधित हैं। अभ्यर्थी किसी तरह का डिजिटल उपकरण व मोबाइल न लेकर जाएं। हर अभ्यर्थी की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश होगा। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी व अधिकारी को भी बिना आई-कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।