करनाल। परिजनों ने नशे के लिए रुपये देने से इंकार किया तो युवक ने नहर में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। कलवेहड़ी कॉलोनी निवासी फूल सिंह (40) मजदूरी करता था और नशे का शौकीन था। मंगलवार को वह घर से 250 रुपये लेकर बाइक से निकला था। सदर थानाक्षेत्र के सुभरी नहर के पास पहुंचकर उसने परिजनों को फोन कर और रुपये मांगे।
मगर परिजनों ने रुपये देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद उसने नहर में छलांग लगा दी। लोगों ने युवक को नहर में कूदते देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से युवक की बाइक बरामद की। घंटों सर्च अभियान के बाद युवक के शव को निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक फूल सिंह के परिवार में उसकी पत्नी और तीन बच्चे हैं।
वर्जन
युवक मानसिक तौर पर बीमार था। उसने नहर में कूदकर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
अजायब सिह, प्रभारी सदर थाना