करनाल। तरावड़ी के गांव मोतिया के पास बीते 27 अक्तूबर को कार की टक्कर लगने से घायल हुए शुभम ने इलाज के दौरान चंडीगढ़ पीजीआई में शनिवार की रात को दम तोड़ दिया। तरावड़ी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव दादुपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भांजे शुभम निवासी प्रेमखेड़ा के साथ बाइक पर सवार होकर दादूपुर से प्रेमखेड़ा जा रहा था। उनका भांजा शुभम मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे थे। जब उनकी मोटरसाइकिल गांव मोतिया के पास पहुंची तो गांव जलाला वीरान की तरफ से आए तेज रफ्तार कार चालक ने सीधी टक्कर मार दी। इस कारण वह खुद सड़क किनारे कच्चे में गिर गया, जबकि शुभम उछलकर कार से टकराए और सिर के बल सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद ग्रामीण इकट्ठे होते देख चालक मौके पर कार छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद वह अपने भांजे को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में लेकर पहुंचे। जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। शुभम को सिर में गंभीर चोट होने के कारण शनिवार देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तरावड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल ने बताया कि इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।