करनाल। रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिले व्यक्ति की शुक्रवार को पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। जीआरपी थाना के प्रभारी संदीप ने बताया कि बुधवार रात करनाल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 124/12 के नजदीक ट्रेन के लोको पायलट ने एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देख उन्हें सूचना दी। व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट थी और वह अचेत अवस्था में था। अनुमान है कि व्यक्ति या तो किसी ट्रेन से टकराया है या फिर चलते समय ट्रेन से नीचे गिरा है। घायल को करनाल के सरकारी अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ने सलेटी रंग की लाल धारीदार शर्ट, भूरे रंग की पैंट और नीले रंग का स्वेटर पहन रखा था। उसके पास से कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे पहचान हो सके। ब्यूरो