संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। मूंड गांव में पंचायती रिकॉर्ड से छेड़छाड़ व खुर्द-बुर्द करने के मामले में पुलिस ने सरपंच के प्रतिनिधि रहे योगराज को गिरफ्तार किया है। तीन दिन के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इससे पहले गांव के सरपंच पवन कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, उनके साथ संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी योगराज को गिरफ्तार किया था।
असंध सीआईए प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि मूंड गांव में 2015 से लेकर 2020 तक गांव की सरंपच रही वीना देवी के कार्यकाल में गबन हुआ था। इसी मामले की जांच चल रही थी। जांच के दौरान मौजूदा सरपंच पवन कुमार के पास मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला। पवन कुमार ने सरकारी रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ कर नकली दस्तावेज तैयार किए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सरपंच पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान सामने आया था कि मौजूदा सरपंच पवन के साथ योगराज की भी संलिप्तता थी।
डीएसपी असंध गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपी योगराज को गिरफ्तार करके पूछताछ की गई। तीन दिन के रिमांड के दौरान आरोपी ने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी जांच में सामने आ रही है, जिन पर पुलिस जांच कर रही है। आरोपी योगराज को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।