संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा। गांव कुंजपुरा की ग्राम पंचायत में खंड कार्यालय में एक सप्ताह पूर्व आयोजित बैठक में कार्यवाहक सरपंच की घोषणा के मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। इसी बीच बैठक में 11 पंचों का वांछित आंकड़ा जुटाने वाली पंच किरणवती ने जिला प्रशासन व हरियाणा सरकार से आग्रह किया है कि उसे कार्यवाहक सरपंच बनाने की घोषणा जल्द से जल्द की जाए।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले डीसी उत्तम सिंह ने कुंजपुरा की सरपंच सुमन को कुछ मामलों में विभिन्न अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर बर्खास्त कर दिया था। डीसी के निर्णय के खिलाफ सरपंच ने मंडल कमिश्नर के पास अपील कर दी थी। जहां से सटे मिलने के बाद कुछ समय तक तो सुमन सरपंच पद पर बनी रही लेकिन मंडल कमिश्नर के पास मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद कमिश्नर द्वारा स्टे हटा लिया गया था। इसके बाद सुमन हाईकोर्ट की शरण में पहुंची। जहां मामला अभी सुनवाई के प्रक्रिया में है।