व्यासपुर। कपालमोचन स्थित कश्यप धर्मशाला में महर्षि कश्यप जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे समाज के लोगों ने सुंदर व आकर्षक झांकियों के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप की पूजा-अर्चना से हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पार्षद जय चंद कश्यप उपस्थित रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर अमर सिंह नंदगढ़ ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मांगेराम कश्यप ने की। धर्मशाला प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि को पगड़ी पहनाकर और विशिष्ट अतिथि को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
भजन मंडली की ओर से प्रस्तुत भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि जयचंद कश्यप ने अपने संबोधन में महर्षि कश्यप के जीवन व उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एकता, समानता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने महर्षि कश्यप के आदर्शों को अपनाने और समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मांगेराम कश्यप, वीरेंद्र कश्यप, राम सिंह कश्यप, संजय कश्यप, रविंद्र कश्यप, रमेश कश्यप आदि उपस्थित रहे।