लोक निर्माण मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को मॉडल टाउन में नवनिर्मित महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन को जनता को समर्पित किया। इस भवन का निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने किया है। दो एकड़ भूमि में बने इस सामुदायिक भवन के निर्माण पर 134 लाख रुपये व्यय हुए। इस भवन में बड़ा हॉल, कार्यालय, किचन के साथ-साथ प्रथम फ्लोर पर अलग से हाल लाइब्रेरी, लोबी और पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। सुरजेवाला ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समस्त समाज में बराबरी और भाईचारे की भावना को मजबूत करके एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन इस नगर के हर व्यक्ति के लिए सामाजिक कार्यों और विशेष अवसरों पर अनुष्ठान के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हनुमान वाटिका के पास महाराजा अग्रसेन भवन का निर्माण पहले ही किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन भी सामाजिक समारोह के लिए जनता को समर्पित किया जा चुका है।
पिहोवा चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पहले ही स्थापित की जा चुकी है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मॉडल टाउन में ही हरिओम पार्क का अलग से निर्माण किया जाएगा। इस पार्क का निर्माण भी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
सुधरेगी सड़कों की हालत
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि माडल टाउन की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को 98 लाख रुपये की लागत से दोबारा बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त 104 लाख रुपये की लागत से अनाज मंडी के पास के क्षेत्र को कंकरीट का बनाया जाएगा, ताकि पार्किंग के साथ-साथ सीजन में फसलों को रखने के लिए इस जगह को उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला की सबसे बड़ी अनाज मंडी होने के कारण व्यापार व व्यवसाय का बड़ा केंद्र है। इस क्षेत्र के विकास से व्यापार में और बढ़ोतरी होगी।
भवन का प्रयोग कर सकेंगे लोग
अधीक्षक अभियंता एके मग्गु ने बताया कि इस महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन के रखरखाव के लिए इस भवन में हुडा की तरफ से कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। भवन को सामाजिक समारोह के लिए किसी भी वर्ग और समुदाय के लोग न्यूनतम दर पर उपयोग कर सकेंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिड्ढा, रामभज लोधर, दिलबाग मोर, रामनिवास मित्तल, बहादुर सैनी, डॉ. श्याम साहनी, सोनू सेठ, रामप्रसाद भट्ठेवाला, मुकेश जैन, सुरेश मित्तल, शीतल गर्ग, सुभाष गोयल, आनंद शर्मा, सुरेंद्र रांझा एडवोकेट, अश्वनी शौरेवाला, मांगेराम खुरानिया और जगदीश गोयल मौजूद रहे।