- परेशान होकर आत्महत्या करने का किया था प्रयास
- आरोपी ने महिला को बताए बिना घर की बनवा ली थी डुप्लीकेट चाबी
- महिला जब काम पर जाती तो घर आकर नाबालिग के साथ करता था गलत काम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक प्रेमी द्वारा महिला की नाबालिग बेटी से ही दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को बताए बिना घर की एक डुप्लीकेट चाबी बनवा रखी थी। जब वह काम पर जाती थी तो उसका प्रेमी घर आकर उसकी बेटी को डरा-धमका कर दुष्कर्म करता था। महिला को इस बात का पता तब चला जब बेटी ने करीब 15 दिन पहले आत्महत्या करने की कोशिश की। जिसके बाद महिला ने पुलिस में आरोपी प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने सेक्टर-32-33 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके प्रेमी का उसके घर आना जाना था। उसने उसको बिना बताए उसके घर की डुप्लीकेट चाबी बनवा रखी थी। जब वह काम पर जाती थी तो उसका प्रेमी उसके घर आता था और उसकी 17 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गत 15 व 17 मार्च को आरोपी उसके घर में आया था और उसकी बेटी को अकेला पाकर उसके साथ गलत किया। वहीं जाते हुए किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर गया था। इससे तंग आकर उसकी बेटी डिप्रेशन में चली गई और जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। कुछ दिन बाद जब बेटी की हालत में सुधार हुआ तो वह नानी के घर जाने की जिद करने लगी।
मां ने जब बेटी से इसका कारण पूछा तो उसने रोते हुए बताया कि आरोपी युवक ने उसके साथ कई बार गलत काम किया है। हर बार उसे जान से मारने की धमकी देकर जाता था। जिससे वह डर के मारे यह बात किसी को नहीं बता रही थी लेकिन अब वह उसके साथ हर दूसरे दिन आकर गलत काम करना चाहता था। ऐसे में वह तंग आ गई थी और उसने आत्महत्या की कोशिश की थी।
वर्जन -
पीड़ित महिला ने अपने प्रेमी पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजपाल, थाना प्रभारी, सेक्टर 32-33, करनाल