- जलमाना गांव स्थित एक घर में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जलमाना गांव स्थित एक बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 15 तोले के गहने व 10 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात के बाद चोरों ने सभी सामान अपनी जगह पर रख दिया। जिससे चोरी का एहसास न हो , लेकिन जब घर के ताले टूटे मिले तो मकान मालिक को चोरी का शक हुआ और घर का सामान चेक किया तो चोरी का पता चला।
जलमाना गांव निवासी सुभाष चंद्र ने जलमाना पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ सफीदों शिव कॉलोनी में उसके लड़के के साले के लड़का होने की खुशी में गया था और अपने घर के सभी कमरों को अच्छी प्रकार से चेक करके गए थे। नीचे दोनों दरवाजों व घर के मेन गेट का ताला लगाकर गए थे। 14 अप्रैल को जब वे घर आए तो उन्हें घर के मेन गेट व एक कमरे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। जिसके बाद उन्हें अपने घर का सामान चेक किया तो कमरे के अंदर रखी अलमारी से 15 तोले की एक जोड़ी पाजेब, सोने की एक अंगूठी व 10 हजार रुपये नकदी गायब थी।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुबह 11 बजे से शाम छह बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।