शहर के मुख्य बाजार में स्थित नगर पालिका के सुलभ शौचालय की जमीन को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। इतना ही नहीं एक पक्ष ने दुकानदारों पर पत्थरबाजी तक की। इस दौरान एक कैमरामैन का कैमरा भी टूट गया। बाद में सूचना मिलने पर डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। नगर के मुख्य बाजार में दुकानदारों की सुविधा के लिए एक शौचालय मनाया गया है। इसमें पिछले लगभग 30 वर्षों से शहर के दुकानदार शौचालय के रूप में प्रयोग कर रहे थे। इसके बाद एक व्यक्ति ने इस जगह की अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली। मामला कोर्ट में पहुंच गया तो कोर्ट ने स्टे आर्डर पर मुहर लगा दी। शुक्रवार को कुछ लोगों ने बाथरूम पर कब्जा करने का प्रयास किया। दुकानदारों के विरोध पर कुछ लोगों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकानदारों पर ईंट बरसाई, दुकानदार भय के मारे भाग खड़े हुए। इस दौरान कुछ लोगों ने शौचालय के बाहर अपना बोर्ड लगा दिया। मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद हालात को भांपते हुए डीएसपी के आदेशों पर पुलिस ने शौचालय को ताला जड़ दिया। हालांकि, इस मामले में नपा सचिव द्वारा शरारती लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस मामले की जांच की रही है।
क्या है पूरा मामला
नगर के मेन बाजार में दुकानदारों की सुविधा के लिए एक शौचालय मनाया गया है। इसमें पिछले लगभग 30 वर्षों से शहर के दुकानदार शौचालय के रूप में प्रयोग कर रहे थे। कई दिनों पूर्व एक व्यक्ति ने शहर के ही एक युवक को बेच दिया। इसकी रजिस्ट्री भी कर दी गई। रजिस्ट्री में जमीन को खाली दिखाया गया है, जबकि वहां पर नगर पालिका द्वारा शुलभ शौचालय बनाया गया है। नगर पालिका ने नवंबर 2016 में टेंडर लगा कर वहां पर पक्का शौचालय बनवाया है, जबकि फरवरी 2017 में हुई इस जमीन को रजिस्ट्री में खाली दिखाया गया है। ऐसे में रजिस्ट्री करने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। शुक्रवार को यह मामला अचानक भड़क गया। जब अपने नाम से रजिस्ट्री करवाने वाले पक्ष ने शौचालय में तोड़फोड़ कर वहां पर अपना बोर्ड लगा दिया। मामला पुलिस थाने पहुंच गया।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर बोर्ड हटवा दिया। थाना प्रभारी के मौके से जाते ही कुछ शरारती लोगों द्वारा दुकानदारों पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान एक फोटोग्राफर का कैमरा भी टूट गया। जिससे काफी नुकसान हुआ। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दी। इसके बाद नपा सचिव द्वारा कई लोगों के खिलाफ असंध थाने में शिकायत दी गई है। मामला उलझता देख दोनों पक्ष डीएसपी वीरेंद्र सिंह के पास गए जहां पर डीएसपी व थाना प्रभारी दोनों ने दोनों पक्षों से मामला सुना। इसके बाद डीएसपी कार्यालय में ही दोनों पक्षों की पंचायत हुई। दोनों पक्षों की हुई पंचायत में यह निर्णय लिया गया कि सोमवार तक इस मुद्दे पर कोई समाधान निकाला जाए ओर दोनों पक्षों से पांच-पांच व्यक्ति चुने गए।
कानून को तोड़ा : सचिव नगर पालिका सचिव ने बताया कि कुछ शरारती लोगों ने प्रशासन व पुलिस की परवाह न करके कानून को तोड़ा है और अवैध तरीके से बाथरूम की जगह पर कब्जा लेने का प्रयास किया गया है, इस मामले में प्रशासन व पुलिस को कठोर कदम उठाना चाहिए। इसमें कानूनी कार्रवाई की जाएगी।