राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने बुधवार को रिश्वत लेने के आरोपी लाइनमैन को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मंगलवार को लाइनमैन सोनू को शिकायतकर्ता के घर से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी लाइनमैन बिजली निगम के सब डिवीजन के अराईपुरा कार्यालय में तैनात है।
पीड़ित द्वारा ब्यूरो को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने नया मकान खरीदा है। जिसमें पुराने मालिक का करीब 37 हजार रुपये बिल बकाया था। वहीं, पीड़ित के पिता के नाम पुराने मीटर पर भी 58 हजार रुपये का बिल बकाया था। उन दोनों मीटरों को बंद करवा पीड़ित को घर पर नया मीटर का कनेक्शन लेना था। जिसके लिए वे लाइनमैन सोनू से मिले थे। उसने दोनों बिलों को समायोजित करने के नाम पर पहले 62 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद दोनों की 25 हजार रुपये में बात तय हुई तो आरोपी ने फिर से पीड़ित से 62 हजार रुपये मांगने शुरू कर दिए। जिसके बाद पीड़ित ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। इसके बाद टीम तैयार कर आरोपी को घर पर ही पैसे लेने के लिए बुलाया गया था। जहां पर आरोपी लाइनमैन सोनू को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।